Skip to main content

Vande Chhattisgarh

Big Breaking News
कोरबा न्यूज़

प्रशांति वृद्धाश्रम में बुजुर्गों ने उत्साह से मनाया स्वतंत्रता दिवस-तिरंगे को दी सलामी


कोरबा :-  नवदृष्टि समाजसेवी संस्था द्वारा संचालित प्रशांति वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों ने देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया। इस अवसर पर वृद्धाश्रम परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय भावना से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत से हुआ। इसके पश्चात वरिष्ठ नागरिक भूपनारायण गोस्वामी एवं पदूम डडसेना ने संयुक्त रूप से तिरंगा ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के साथ ही उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत बुजुर्ग महिलाओं द्वारा भारत माता, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं नेताजी सुभाषचंद्र बोस के छायाचित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर आरती के साथ की गई। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
समारोह में नवदृष्टि समाजसेवी संस्था के अध्यक्ष मोहम्मद सादिक शेख, केयरटेकर बीरू यादव सहित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स से रेखारानी लाल, डीगम्बर सिंह कौशिक, उत्तरा मानिकपुरी, राजीव साहू, पंकज साहू, ममता सोनवानी, मून लाल, उर्वशी यादव, लता यादव एवं विक्की यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। समारोह के उपरांत वृद्धाश्रम में निवासरत सभी वरिष्ठ नागरिकों एवं उपस्थितजनों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया। कार्यक्रम ने बुजुर्गों के बीच न केवल उत्साह और उमंग का संचार किया, बल्कि देश के प्रति उनके सम्मान और प्रेम को भी अभिव्यक्त किया।
गौरतलब है कि नवदृष्टि समाजसेवी संस्था पिछले 21 वर्षों से प्रशांति वृद्धाश्रम का संचालन बिना किसी शासकीय अथवा अशासकीय अनुदान के कर रही है। संस्था अपने स्वयं के संसाधनों तथा समय-समय पर प्राप्त होने वाले जनसहयोग के माध्यम से वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं का संचालन करती है। वर्तमान में प्रशांति वृद्धाश्रम में 29 महिला एवं पुरुष वरिष्ठ नागरिक निवासरत हैं। संस्था द्वारा लंबे समय से इन बुजुर्गों को आश्रय, देखभाल और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।