Skip to main content

Vande Chhattisgarh

Big Breaking News
कोरबा न्यूज़

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पाली में महतारी वंदन सम्मेलन एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आयोजन

• मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के बस्तर से वर्चुअल उद्बोधन एवं महतारी वंदन योजना की 25वीं किश्त के अंतरण का सीधा प्रसारण।

• उत्कृष्ट आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं, महतारी वंदन हितग्राही, मातृशक्तियों, महिला पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों का सम्मान।

• महिलाओं के लिए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ थीम पर प्रश्नोतरी, रंगोली, मेहंदी, कुर्सी दौड़ एवं मटका फोड़ प्रतियोगिताएं आयोजित।

• बड़ी संख्या में महतारी वंदन हितग्राही एवं मातृशक्ति की उत्साहपूर्ण भागीदारी।

कोरबा,पाली :- अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एकीकृत बाल विकास परियोजना पाली द्वारा महतारी वंदन सम्मेलन एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाओं , बालिकाओ एवं महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों एवं आम जनमानस ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती पूर्णिमा शोभा जगत, अध्यक्ष जनपद पंचायत पाली रहीं तथा अध्यक्षता श्री अजय जायसवाल, अध्यक्ष नगर पंचायत पाली ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती माया रूपेश कंवर, सभापति महिला एवं बाल विकास समिति जिला पंचायत कोरबा, कुलदीप मरकाम, विधायक प्रतिनिधि पाली, उत्तम सिंह, जनपद सदस्य एवं सदस्य महिला बाल विकास एवं स्वास्थ्य समिति जनपद पंचायत पाली, लखन प्रजापति, उपाध्यक्ष नगर पंचायत पाली, श्रीमती दीप्ति शर्मा, पार्षद, श्रीमती ज्योति उइके, पार्षद , श्रीमती गीता शुक्ला पार्षद तथा शोभा जगत, अध्यक्ष प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात महतारी वंदन योजना पर आधारित प्रेरणादायक वीडियो का प्रदर्शन किया गया, जिसमें योजना के माध्यम से महिलाओं के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को दर्शाया गया। यह योजना आज केवल आर्थिक सहायता तक सीमित न रहकर महिलाओं के आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता एवं सशक्तिकरण का प्रतीक बन चुकी है।

इस अवसर पर महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों से संवाद आयोजित किया गया, जिसमें ब्लॉक की महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस योजना से उन्हें आर्थिक सहयोग मिलने के साथ परिवार में सम्मान और आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री के वर्चुअल उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया गया तथा महतारी वंदन योजना की 25वीं किश्त के अंतरण का लाइव प्रसारण भी उपस्थित महिलाओं को दिखाया गया, जिससे कार्यक्रम में विशेष उत्साह का माहौल रहा।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए परियोजना पाली के विभिन्न सेक्टरों की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग की 11 पर्यवेक्षकों एवं कार्यालयीन कर्मचारियों को भी अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

इस दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ थीम पर कई कार्यक्रमो का आयोजन किया गया साथ ही महिला दिवस के अवसर को उत्सवमय बनाने के लिए कुर्सी दौड़, रंगोली प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता तथा मटका फोड़ जैसे खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया तथा उपस्थित मातृशक्तियों और महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों का भी सम्मान किया गया।
25 वी किश्त के अन्तरण पर उपस्थित मातृशक्तियों में उत्साह का माहौल रहा एवं इस अवसर पर रंग गुलाल लगाकर रंग पंचमी के अवसर पर होली मिलन कार्यक्रम भी संपन्न हुआ

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, महतारी वंदन योजना की हितग्राही, जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में परियोजना अधिकारी पाली अन्वेष दीवान द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी हरदीबाजार ठकेश्वर लांझे, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

* संजीत सिन्हा *