Vande Chhattisgarh

Big Breaking News
कोरबा न्यूज़

जनता सहयोग करे तो धोखाधड़ी पर लगाएंगे अंकुश – पुलिस अधीक्षक

 * जिला पुलिस अधीक्षक ने जनता से रूबरू हो सुनी उनकी समस्याएं *

कोरबा :-  आधारभूत पुलिसिंग को लेकर कोरबा जिले में तेजी से काम किए जा रहे हैं। थाना और चौकी प्रभारी को फील्ड में नजर रखने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही पुलिस अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में जनता से मिलकर उनकी समस्याएं जान रहे हैं।
इसी कड़ी में कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने सीएसईबी चौकी में दरबार लगाकर लोगों से रूबरू हो उनसे संवाद कर समस्याओं का निराकरण किया। एक महीने से इस अभियान पर कोरबा जिले में पुलिस काम कर रही है। जनता का विश्वास जीतने और अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करने की प्रक्रिया में पुलिस ने अपने स्तर पर कोशिश शुरू की है। आरक्षित केंद्रों का जायजा लेने के साथ आसपास की जनता से मिलकर उनकी शिकायत सुनना और उसका निराकरण करना भी इस अभियान का हिस्सा है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने इस अभियान के अंतर्गत सीएसईबी पुलिस चौकी पहुंचकर दरबार लगाया और लोगों से बातचीत कर उनकी समस्या जानी। इस दौरान पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वर्तमान में साइबर क्राइम अपने आप में बड़ी चुनौती है। बैंक और वित्तीय संस्थाओं के साथ-साथ मोबाइल के माध्यम से साइबर अपराधों को अंजाम दिया जा रहा है। अगर किसी मामले में लोगों के साथ धोखाधड़ी होती है तो बैंकों को तुरंत शिकायत पर कार्यवाही करते हुए संबंधित के खाते ब्लॉक करना चाहिए और ट्रांजैक्शन को भी रोकना चाहिए।
इस मामले में पुलिस की भूमिका का इंतजार करने से बैंकों को बचना होगा। बताया गया कि संवेदनशील कार्यवाही नहीं करने के कारण आज ही एक मामले में एक व्यक्ति के खाते से धनराशि का ट्रांजैक्शन हो गया।
कोरबा जिले की पुलिस ने साइबर अपराध से संबंधित मामलों की शिकायत प्राप्त होने पर झारखंड, बिहार, राजस्थान, दिल्ली जैसे राज्यों में पहुंचकर आरोपियों को न केवल गिरफ्तार किया, बल्कि उनके कब्जे से काफी धनराशि भी बरामद कर ली।